त्योहार पर मिलावट के खिलाफ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने गाजियाबाद के विजयनगर में एक मिठाई निर्माण इकाई पर छापा मारा। जांच में रसगुल्लों को सफेद करने के लिए विरंजक पदार्थ 'सेफोलाइट रसायन' का उपयोग पाया गया।
रक्षाबंधन पर मिठाइयों में मिलावट के खिलाफ चल रहे अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार रात सुदामापुरी, विजयनगर में मिठाई निर्माण इकाई पर छापा मारा। जांच में सामने आया कि यहां रसगुल्लों को सफेद करने के लिए ब्लीचिंग एजेंट के तौर पर सेफोलाइट केमिकल का इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम को मौके पर बेहद गंदे और अस्वच्छ माहौल में रसगुल्ले बनते मिले। तैयार रसगुल्लों में कीड़े और गंदगी भी मिली।
विज्ञापन
संचालक कमल किशोर के पास खाद्य कारोबार का लाइसेंस भी नहीं था। जांच के दौरान दूध गंदे ड्रम में भंडारित मिला। टीम ने रंगीन रसगुल्ला, सफेद रसगुल्ला, दूध और सेफोलाइट के चार नमूने लिए। अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे करीब ढाई क्विंटल रंगीन और सफेद रसगुल्लों को नष्ट कराया गया।
बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करते पाए जाने पर इकाई का चालान करने के साथ उसे बंद करा दिया गया। लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।