एक बजे भरी जानी थी उड़ान
पिथौरागढ़ के लिए दोपहर एक बजे उड़ान भरी जानी थी। जबकि पिथौरागढ़ से ही विमान देर से आया। दिशा बदलते समय विमान का पहिया जाम हो गया। आधे घंटे तक एयरलाइंस के तकनीकी विशेषज्ञों ने पहिये को ठीक करने का प्रयास किया। खराबी को दूर न होते देख दोपहर 04 बजे फ्लाइट रद्द करने की घोषणा की गई। इसके बाद दिल्ली से तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को बुलाया गया। टीम देर शाम तक पहिए में आई खराबी को दूर करने के प्रयास में जुटी रहीं।
हो सकता था बड़ा हादसा
विमान की लैंडिंग के समय उसके लैंडिंग गियर में दिक्कत आई। उस समय विमान रनवे पर उतर रहा था। गनीमत रही कि विमान सकुशल लैंड कर गया। इससे यात्रियों ने भी राहत की सांस ली। उधर जिन यात्रियों को इस विमान से पिथौरागढ़ जाना था वो सुबह 11 बजे ही हिंडन एयरपोर्ट पहुंच गए थे।
इनमें से ज्यादातर यात्री ऐसे थे जो पहली बार फ्लाइट से सफर करने वाले थे। कई घंटे बाद फ्लाइट पहुंची तो उन्हें विमान में बैठने की उत्सुकता थी। फ्लाइट रद्द होने की घोषणा पर यात्री निराश हो गए। उनकी एयरलाइंस कंपनी के अधिकारियों से नोकझोंक भी हो गई। हालांकि बाद में सभी यात्री समझ गए। सभी के पैसे रिफंड किए गए।
हेरिटेज कंपनी के कोआर्डिनेटर सतेंद्र शर्मा ने बताया कि, हमने यात्रियों के साथ पूरा सहयोग किया है। जो तकनीकी खराबी है उसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। विमान ठीक करने में जुटे इंजीनियर की रिपोर्ट के बाद ही कंपनी आगे का कोई फैसला कर सकती है। फिलहाल हमें उम्मीद है कि फ्लाइट ठीक कर ली जाएगी और जल्द ही सेवा शुरू हो जाएगी।