साहिबाबाद। अर्थला बालाजी विहार में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। ईंटों से लदी बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से पांच साल की बच्ची इनाया की मौत हो गई, जबकि उसकी मां सुल्ताना गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पिता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना पास के सीसीटीवी में कैद हो गई।
न्यू हिंडन विहार निवासी मोहसिन ने बताया कि उनकी बेटी इनाया अपनी नानी के घर बालाजी विहार में रहती थी। वह कॉलोनी के एक निजी स्कूल में एलकेजी की छात्रा थी। शनिवार सुबह करीब सात बजे वह मां के साथ स्कूल जा रही थी। रास्ते में एक निर्माणाधीन मकान के कारण सड़क पर मलबा और मिट्टी पड़ी थी। तभी ईंटें उतारने आई ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया मिट्टी के ढेर पर चढ़ गया और ट्रॉली पलट गई। चपेट में आकर मां-बेटी दोनों दब गईं।
मां ने बेटी को बचाने की कोशिश की, लेकिन भारी वजन के कारण सफल नहीं हो सकीं। आसपास के लोगों ने दोनों को बाहर निकाला और वसुंधरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। देर शाम उपचार के दौरान इनाया की मौत हो गई। मां को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
प्रत्यक्षदर्शी शादाब ने बताया कि हादसे के बाद भीड़ जमा हो गई थी और ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिस को सौंप दी गई थी, लेकिन शाम को चौकी पर पहुंचने पर ट्रॉली वहां नहीं मिली।
एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि पिता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने भेज दिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।