साहिबाबाद। लिंकरोड थानाक्षेत्र स्थित वसुंधरा चौराहे पर तेज रफ्तार वाहन ने पांच वर्षीय बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में घायल वसुंधरा फ्लाईओवर के नीचे झुग्गी में रहने वाले गोपाल के बेटे चांद (5) की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई।
पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर प्राथमिकी दर्ज की है। दर्ज मामले में गोपाल ने बताया कि वह फिरोजाबाद स्थित आशाबाद के मूल निवासी हैं। 31 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे बेटा चांद उनसे कुछ ही दूरी पर वसुंधरा चौराहे से साहिबाबाद गांव की तरफ जाने वाले मार्ग पर खड़ा था, तभी अचानक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत में वह बच्चे को नरेंद्र मोहन अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गोपाल ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी चालक गाड़ी लेकर मौके से भाग गया।
लोगों ने उसकी गाड़ी का नंबर दर्ज कर लिया है । एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि कार को ट्रेस कर लिया गया है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।