गाजियाबाद। शहर में आवारा कुत्ते आक्रामक हो गए हैं। गोविंदपुरम सी ब्लॉक में आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर पांच साल के बच्चे को घायल कर दिया। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
घायल बच्चे के पिता अनुज शर्मा ने बताया कि इलाके में काफी दिनों से आवारा कुत्ते आक्रामक हो गए हैं। कुत्ते आते-जाते राहगीरों को दौड़ाकर काट रहे हैं। दो दिन पूर्व गौरांश अपनी दादी के साथ ट्यूशन जा रहा था। इसी दौरान कुत्तों के झुंड ने उस पर और उसकी दादी पर हमला कर दिया। स्थानीय लोग जब तक उसे बचाने पहुंचे, तब तक एक कुत्ते ने गौरांश को काटकर घायल कर दिया।
क्षेत्र में आवारा कुत्ताें की बढ़ती संख्या और आक्रामकता को देखते हुए बुजुर्ग और महिलाएं हाथ में डंडा लेकर चल रही हैं। कई बार इसको लेकर शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन नगर निगम के अधिकारी यह कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं कि आवारा कुत्तों को उनके स्थान से हटाने के लिए निर्देश नहीं है। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.आशीष त्रिपाठी ने कहा कि कुत्ते के काटने की जानकारी अब तक नहीं आई है। जानकारी मिलने के बाद इसकी जांच कराकर उचित कदम उठाया जाएगा।