लोनी भोपुरा रोड पर ट्रक के नीचे कुचली बाइक। स्रोत: वीडियोग्रैब
डासना। ईपीई (ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे) पर घने कोहरे के कारण पांच वाहन आपस में टकरा गए। डासना से दादरी की तरफ जाने वाले मार्ग पर कुड़ियागढ़ी के पास रविवार सुबह आठ बजे हुए हादसे में महिला समेत दो लोग घायल हो गए। इस हादसे में एक्सप्रेसवे पर जाम की स्थिति बनी। सूचना के बाद पहुंची वेव सिटी पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ वाहनों को हाइड्रा की मदद से हटाकर यातायात को सामान्य कराया।
पहले ट्रक से टकराई कार
जानकारी के अनुसार सुबह के वक्त घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने के कारण पहले एक कार आगे चल रहे ट्रक से टकराई। इस हादसे के बाद उसमें सवार चार लोग उतरकर किनारे पर खड़े ही हुए थे, तभी पीछे से आए ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। इसमें कार क्षतिग्रस्त हो गई। इसी ट्रक से पीछे से आ रहा कैंटर टकराया, इसमें मैनपुरी के रहने वाले चालक संजय बाबू (40) घायल हो गए। वह कोंडली से अलीगढ़ जा रहे थे। इन्हीं हादसों के बीच एक कार की टक्कर कैंटर से हुई। इसमें दिल्ली के बुराड़ी की रहने वाली किरण सिन्हा घायल हो गईं। वह पति जगत के साथ थीं। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि वाहनों की रफ्तार कम होने के कारण बड़ा हादसा नहीं हुआ। घायलों की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा की गई है।
लोनी भोपुरा रोड पर ट्रक के नीचे कुचली बाइक। स्रोत: वीडियोग्रैब