गाजियाबाद। बहुमंजिला इमारतों में आग की घटनाओं के बाद बचाव के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की तरफ से 10 करोड़ रुपये दमकल के लिए खाते में ट्रांसफर कर दिए गए हैं। इससे हाइड्रोलिक प्लेटफार्म खरीदने की प्रक्रिया की शुरुआत होगी। इस संबंध में विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि पहले किस्त ट्रांसफर की जा चुकी है। इसके बाद दमकल की तरफ से प्लेटफार्म के लिए कुल लागत को भेजा जाएगा। इसके आधार पर आगे का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रुपये डीजी फायर दफ्तर से दिए खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। बता दें, शासन स्तर से भी प्राधिकरणों को अवस्थापना निधि से हाइड्रोलिक प्लेटफार्म के लिए भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने 29 अप्रैल को इंदिरापुरम की गाैर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में आग की घटना के बाद 30 अप्रैल को ही इसकी घोषणा की थी।
2027 तक ही मिल पाएगा हाइड्रोलिक प्लेटफार्म
जनपद में 102 मीटर का हाइड्रोलिक प्लेटफार्म फिनलैंड से लेने की तैयारी चल रही है। जानकारी के अनुसार देश के कई स्थानों पर दमकल फिनलैंड की ही कंपनियों के प्लेटफार्म का प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे में गाजियाबाद में भी यहां से प्लेटफार्म लाया जा सकता है। हालांकि यह किस कंपनी से आएगा यह टेंडर की प्रक्रिया के बाद ही तय किया जाएगा। हालांकि दमकल सूत्रों के अनुसार एक बार प्रक्रिया से शुरू होने और खरीदने के बाद यह प्लेटफॉर्म पार्ट में भारत आएगा। यहां आने के बाद से असेंबल किया जाएगा। साथ ही इसके कुछ ट्रायल भी होंगे। ऐसे में इस पूरी प्रक्रिया के बाद गाजियाबाद में यह प्लेटफाॅर्म 2027 में मिल पाएगा।