हापुड़। नगर के मोहल्ला श्रीनगर निवासी एक व्यक्ति के पैन नंबर का इस्तेमाल कर अज्ञात लोगों ने दिल्ली के शकरपुर में फर्म बनाकर उससे करीब साढ़े सात करोड़ का लेनदेन कर लिया। आयकर विभाग की ओर से नोटिस मिलने के बाद मामले की जानकारी हुई तो पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
श्रीनगर निवासी विशाल गौड़ ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनके नाम से केवल अनन्या ट्रेडिंग कंपनी संचालित है। वर्ष 2020 में उन्हें पता चला कि उनके पैन नंबर का दुरुपयोग कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने शकरपुर में जिल एंटरप्राइजेज नाम से दूसरी फर्म बना ली है। जानकारी मिलने पर उन्होंने छह अक्तूबर 2020 को जीएसटी कार्यालय, लक्ष्मी नगर डिवीजन, नई दिल्ली में शिकायत की थी।
इसके बाद 28 जनवरी 2022 को भी प्रकरण से अवगत कराया गया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
26 जून 2025 को आयकर विभाग ने उन्हें नोटिस भेजा और पता चला कि उसके पैन नंबर से करीब 7.5 करोड़ रुपये के अनाधिकृत लेनदेन हुआ है। इसके अलावा उनके ऊपर करीब 73 लाख रुपये की कर देनदारी भी निकाली गई। आरोप है कि यह पूरा लेनदेन उसके पैन नंबर का दुरुपयोग कर बनाई गई फर्जी फर्म के माध्यम से किया गया।
24 जुलाई 2025 को उसने थाना शकरपुर में शिकायत दी। इसके बाद दो अगस्त को पूर्वी दिल्ली के उपायुक्त और आर्थिक अपराध शाखा में भी शिकायत की गई। आर्थिक अपराध शाखा ने शिकायत को हापुड़ पुलिस को भी भेजा था।
उनका आरोप है कि शिकायत के बाद भी विभाग की ओर से कार्रवाई में लापरवाही बरती गई। अब मामले की शिकायत नगर कोतवाली में की गई। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संबंधित मामले में दस्तावेज जुटाकर जो भी तथ्य सामने आते हैं, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।