साहिबाबाद। टीलामोड़ थानाक्षेत्र के फरूखनगर स्थित असालतपुर निवासी अधिवक्ता अंकित त्यागी के परिवार वालों की जमीन पर जबरन जेसीबी चलाने का विरोध करने पर फायरिंग होने का मामला सामने आया है। हालांकि वारदात 31 जनवरी 2025 की है, लेकिन कई बार शिकायत करने के बाद भी जब पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तब अधिवक्ता ने कोर्ट में अपील की। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने 21 जून की रात दो नामजद समेत 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जांच शुरू की है।
दर्ज मुकदमे में अधिवक्ता अंकित त्यागी ने बताया कि 31 जनवरी को उनके ताऊ ने फोन कॉल पर उन्हें बताया कि राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा निवासी सूर्यभान यादव और सिहानी गेट के नूर नगर के रहने वाले संतोष यादव अपने 15-20 साथियों के साथ उनके खेत में जेसीबी लेकर खेत जोत रहे हैं। उन्होंने तुरंत ताऊ को खेत पर जाने और आरोपियों को रोकने की बात कही। बताया कि जब उनके परिवार वाले खेत पर पहुंचे तब आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए अभद्रता शुरू कर दी। यहां तक कि आरोपी संतोष यादव ने उनके ताऊ पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी, लेकिन गनीमत रही कि गोली नहीं लगी। इसके बाद आरोपी ने हवाई फायर भी किया। फायरिंग की सूचना पर उन्होंने तुरंत डायल 112 पर शिकायत की, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भी कार्रवाई नहीं की। इसके बाद 31 जनवरी और दो फरवरी को उन्होंने उच्चाधिकारियों से शिकायत की तब भी कुछ समाधान नहीं हुआ। प्रभारी एसीपी शालीमार गार्डन अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है, तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।