छात्रों के दो गुट भिड़े, पथराव और फायरिंग से भगदड़
गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र के प्रताप विहार में बृहस्पतिवार रात छात्रों के दो गुटों में भिड़ंत हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों की तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। बताया जा रहा है कि एक गुट ने ताबड़तोड़ फायरिंग भी की, जिसके चलते मौके पर भगदड़ मच गई। घटना में एक स्कॉर्पियो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के लोग मौकेसे फरार हो चुके थे। पुलिस ने अपनी तरफ से अज्ञात युवकों पर बवले का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रताप विहार स्थित तपोस्थली स्कूल के पास बृहस्पतिवार रात एक स्कॉर्पियो कार में तीन-चार युवक बैठे थे। इसी दौरान एक सेंट्रो कार से 4-5 लड़केपहुंचे और स्कॉर्पियो सवार युवकों पर पथराव शुरू कर दिया। स्कॉर्पियो में बैठे युवकों ने भी गाड़ी से डंडे निकालकर दूसरे गुट पर हमला बोल दिया। दोनों गुट केयुवक आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया। पथराव में स्कॉर्पियो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। युवको को भिड़ता देख स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई।
फायरिंग से मची भगदड़
स्थानीय लोगों के मुताबिक एक गुट की तरफ से गोलीबारी शुरू कर दी गई, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ लगाने लगे। इसी बीच स्कॉर्पियो सवार युवकों की तरफ से कुछ लोग आ गए, जिसके बाद सेंट्रो में आए युवक मौके से फरार हो गए।
वॉट्सएप ग्रुप से पुलिस को मिली सूचना
मौकेसे गुजर रहे कुछ लोगों ने घटना की फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। सूचना पुलिस के वॉट्सएप ग्रुप पर भी पहुंच गई। जिसके बाद विजयनगर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां सिर्फ स्कॉर्पियो कार क्षतिग्रस्त खड़ी मिली। पुलिस उसके नंबर के आधार पर एक पक्ष तक पहुंची।
दोनों गुटों में समझौता, पुलिस ने मुकदमा लिखा
मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद दोनों गुटों केयुवकों ने आपस में समझौता कर लिया। लेकिन, मामला पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा तो समझौैता नामंजूर कर दिया गया। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कॉलेज की लड़ाई संघर्ष में बदली
जानकारी के मुताबिक किसी लड़की को लेकर छात्रों केबीच कुछ दिन पहले झगड़ा हुआ था जो बृहस्पतिवार को संघर्ष में बदल गया। एसपी सिटी श्लोक कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर झगड़ा हुआ है। मौकेपर गोली नहीं चली है। दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया था, लेकिन पुलिस ने अपनी तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना में शामिल प्रमुख आरोपियों के नाम सामने में आ गए हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।