गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। इमारत में लगभग 150 लोग निवास करते थे, जिनमें से अधिकांश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, इस घटना में 8 से 10 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
हिंडन के डीसीपी निमिष पाटिल ने बताया, 'मंगलवार रात करीब 12 बजे खोड़ा थाने को सूचना मिली कि पांच मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर आग लग गई है। सूचना मिलने पर फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। इस इमारत में 150 लोग रहते हैं। जिनमें से 8-10 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है। आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी। दमकल की 8-10 गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया है।'