मोदीनगर। लंकापुरी कॉलोनी स्थित नगर पालिका परिषद के डंपिंग ग्राउंड में बृहस्पतिवार सुबह आग लग गई। कुछ ही देर में आग और भीषण हो गई। धुएं के गुबार के साथ उठती लपटों ने आसपास के लोगों को दहशत में डाल दिया। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
नगर पालिका परिषद की ओर से लंकापुरी स्थित खाली भूमि पर शहर का कूड़ा डाला जाता है। बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे डंपिंग ग्राउंड में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की भयावह स्थिति देखकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची पहली दमकल गाड़ी आग बुझाने में जुटी, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त गाड़ियां बुलानी पड़ीं। चार दमकल गाड़ियों ने लगातार प्रयास कर करीब तीन घंटे बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर पालिका के प्रति नाराजगी दिखाई दी। लोगों का कहना है कि डंपिंग ग्राउंड हटाने की मांग कई बार उठाई जा चुकी है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। उनका आरोप है कि गर्मी के मौसम में यहां आग लगना आम बात हो गई है, जिससे आसपास के घरों और लोगों की सुरक्षा खतरे में रहती है। दमकल निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।