गाजियाबाद। लोनी के संयुक्त अस्पताल में जल्द ही फायर फाइटिंग सिस्टम लगाया जाएगा। अस्पताल भवन के निर्माण के करीब तीन वर्ष बाद अब आग से बचाव के इंतजाम किए जाने की प्रक्रिया शुरू हुई है। इसके लिए शासन स्तर से 22.93 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अस्पताल में अग्निशमन उपकरण और जरूरी सुरक्षा व्यवस्था स्थापित की जाएगी।
अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज, तीमारदार और स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहते हैं। ऐसे में आग लगने की स्थिति में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे थे।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम स्थापित करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। इसके बाद शासन स्तर से 22.93 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी द्वारा अस्पताल में अग्निशमन व्यवस्था स्थापित की जाएगी। सिस्टम में आग से बचाव के लिए आवश्यक उपकरण और व्यवस्थाएं शामिल की जाएंगी। अस्पताल प्रशासन की ओर से भी अग्निसुरक्षा से संबंधित जरूरी तैयारियां पूरी कराई जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि फायर फाइटिंग सिस्टम लगने के बाद अस्पताल में मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग के मानकों के अनुरूप अस्पताल को तैयार करने में मदद मिलेगी।