कौशांबी के भोवापुर स्थित साइबर कैफे में आग लगने के बाद बंद पड़ी दुकान। अमर उजाला
साहिबाबाद। कौशांबी के भोवापुर स्थित चंचल इलेक्ट्रॉनिक्स एंड साइबर कैफे में शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। आग की लपटें पड़ोस के मकान की तरफ बढ़ते ही भगदड़ मच गई और 15-20 लोगों ने भागकर जान बचाई। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। इसके अलावा एक निजी स्कूल के बिजली पैनल में भी देर रात आग लग गई।
भोवापुर निवासी किरन पाल ने बताया कि सीमा डेयरी वाली गली में चार मंजिला इमारत के दो तल किराये पर ले रखे हैं। भूतल पर उनकी एलईडी टीवी मरम्मत की दुकान है और पहली मंजिल पर साइबर कैफे है। बुधवार रात वह दोनों दुकानें बंद करके घर चले आए थे। देर रात पड़ोसियों ने दुकान से धुआं निकलने की सूचना दी। उन्होंने दुकान का शटर उठाया तो आग विकराल हो चुकी थी। लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन हवा के साथ-साथ आग फैलती चली गई। दुकान में रखीं करीब 10 लाख की एलईडी टीवी और साइबर कैफे में रखे डेस्कटॉप व प्रिंटर आदि जलकर राख हो गए। दमकल की टीम ने आग बुझाई। आग की लपटें पड़ोस के मकान तक पहुंचने लगीं तो वहां से 15-20 लोगों ने भागकर किसी तरह जान बचाई।
वहीं, वसुंधरा स्थित आधारशिला स्कूल के बिजली पैनल में आग लग गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत गौर बिज पार्क आग हादसे के स्थान से ही एक वाटर टेंडर को वहां भेजा गया। आग बुझने के बाद भोवापुर और वसुंधरा से टीमें वापस गौर चौराहा लौटीं व आग बुझाने में मदद की। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि किसी भी हादसे में जनहानि नहीं हुई है।