इंदिरापुरम (गाजियाबाद)। अभयखंड 2 स्थित गौर चौराहे पर बने व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में बुधवार देर रात आग लग गई। आग की लपटें और धुआं देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पाने का प्रयास जारी था।
आग कॉम्प्लेक्स के सबसे ऊपरी मंजिल पर लगने की बात सामने आई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। दमकल की टीमें आग बुझाने में जुटी हैं। हादसा कैसे हुआ इसका कारण अभी पता नहीं चला है। आग बुझने के बाद इसकी जांच की जाएगी।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मौके पर पुलिस टीम मौजूद है। आसपास के मकानों को खाली कराया गया है। लोगों को घटनास्थल से दूर किया गया है।