फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: इन्वर्टर में शॉर्ट-सर्किट से लगी आग, सिलिंडर फटने से बचे

विज्ञापन
साहिबाबाद के शहीद नगर स्थित मकान में आग लगने के बाद मौके पर मौजूद दमकल कर्मी। अमर उजाला
विज्ञापन
साहिबाबाद। थानाक्षेत्र के शहीद नगर स्थित वार्ड 90 निवासी हरिराम यादव के मकान में शनिवार दोपहर करीब दो बजे अचानक आग लग गई। स्थानीय लोगों की मदद से घर में रखे करीब 4-5 एलपीजी गैस सिलिंडर बाहर निकालकर बड़ी घटना को बचा लिया गया। वहीं, दमकल की टीम पर करीब 20-25 मिनट की देरी से आने और उसके बाद भी गाड़ी बंद होने का आरोप है। हादसे में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। आसपड़ोस के लोगों ने घरों के पंपसैट चलाकर किसी तरह आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार हरिराम यादव दो मंजिला मकान में रहते हैं। वह दूसरी जगह पर सिलिंडर बिक्री का भी काम करते हैं। शनिवार दोपहर मकान के भूतल पर लगे इन्वर्टर-बैटरी में अचानक शॉर्ट-सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने भूतल पर रखे सारे समान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय घर में हरिराम की बुजुर्ग मां थीं जिन्हें लोगों ने बाहर निकालकर बचा लिया। स्थानीय निवासी अमित ने बताया कि घर से धुआं निकलता देख आस-पड़ोस के लोग एकत्र हो गए। मौके से लोगों ने दमकल को सूचना दी, लेकिन वह समय से नहीं पहुंची। इस दौरान पड़ोसियों ने अपने घरों के पंपसैट चलाकर किसी तरह आग बुझाई। हालांकि उस समय तक सारा सामान जलकर राख हो चुका था।

कई बार कॉल नहीं उठी, गाड़ी भी हुई बंद
स्थानीय लोगों का आरोप है कि धुआं निकलते देखने के बाद ही उन्होंने अग्निशमन की हेल्पलाइन पर कॉल की, लेकिन कई बार प्रयास के बावजूद किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद शहीद नगर चौकी प्रभारी को हादसे की जानकारी दी गई। वह मौके पर पहुंचे और उन्होंने तुरंत दमकल विभाग के अधिकारियों को कॉल करके मौके पर बुलाया। लोगों का आरोप है कि दमकल टीम करीब 20 मिनट देरी से पहुंची। जब आई तो वाटर टेंडर बंद पड़ गया। कुछ समय बाद चला, लेकिन फिर बंद होने की स्थिति में लोगों ने पंपसैट चलाकर आग बुझाई।
विज्ञापन


सिलिंडर में लगती आग तो होता बड़ा हादसा
पुलिस ने बताया कि हरिराम किसी अन्य स्थान पर गैस सिलिंडर का भी काम करते हैं। उनके घर में 4-5 सिलिंडर भी रखे थे, आग लगते ही उन्हें बाहर निकाला गया। सिलिंडर अगर आग की चपेट में आते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल का कहना है कि सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग को हौज पाइप डालकर बुझाया गया। शुरुआती जांच में शॉर्ट-सर्किट की बात सामने आई है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें