गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की सेवा धाम पुलिस चौकी क्षेत्र में कृष्णा विहार कॉलोनी में एक धूप और अगरबत्ती बनाने वाली फैक्टरी में आग लग गई। धूआं उठता देख पूरा इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक, सूचना मिलते ही ही तुरंत दो फायर टेंडर मय फायर सर्विस यूनिट लोनी फायर स्टेशन से रवाना हुए और एक फायर टेंडर साहिबाबाद फायर स्टेशन से भी घटनास्थल के लिए रवाना करने की मांग की गई। तीनों फायर टेंडर के साथ फायर सर्विस यूनिटस ने मौके पर पहुंचे। जहां देखा कि लगभग 100 वर्ग मीटर में बने दोमंजिला भवन के भू एवं प्रथम दोनों तलों पर आग लगी हुई है। पहुंच मार्ग अत्यन्त खराब होने के कारण फायर टेंडर घटनास्थल से 100 मीटर दूरी पर खड़ा करके वहीं से होज लाईन बिछाकर पम्पिंग कार्य शुरू करके आग को बुझाना शुरू किया गया। इस अग्निकांड में किसी भी व्यक्ति आदि को कोई हानि नहीं पहुंची है। इस फैक्टरी में मानकों के अनुसार अग्निशमन की कोई व्यवस्था स्थापित नहीं थी।