वसुंधरा। मेवाड़ कॉलेज के सामने स्थित कांप्लेक्स सेक्टर 2 सी के बेसमेंट में संचालित गिफ्ट शॉप में बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे आग लग गई। पास में ही स्थित जिम से लौट रहे युवक ने अग्निशमन को कॉल किया। सूचना पर पहुंची टीम ने आग बुझाई। हादसे में हुए नुकसान का आंकलन फिलहाल नहीं हुआ है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद राहुल पाल ने बताया कि गर्ग गिफ्ट गैलरी नाम से गिफ्ट शॉप संचालित है। हादसे समय दुकान बंद थी। पड़ोस की इमारत से जिम से लौट रहे शिवा नाम के युवक ने दुकान से धुआं निकलता देख तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी थी। मौके पर सीएफओ टीम के साथ पहुंचे। दमकल टीम ने दो फायर टैंकर से आग बुझाना शुरू किया। करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया।