साहिबाबाद। अग्निशमन विभाग ने बुधवार को जिले के शहर और ट्रांस हिंडन क्षेत्र में संचालित होटल, मॉल, बरातघर व अन्य ऐसे स्थान जहां लोगों की भीड़ रहती है, चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीएचए के दो और शहरी क्षेत्र में संचालित चार प्रतिष्ठानों को सुरक्षा मानकों की अनदेखी व लापरवाही बरतने पर नोटिस थमाए गए हैं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि बुधवार को दमकल की अलग-अलग टीमों ने कई स्थानों पर निरीक्षण किया। प्रतिष्ठानों में लोगों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त साधन और मानकों की जांच की गई।
बताया कि इंदिरापुरम के शाइन प्लाजा होटल, वन मॉल, लोहिया नगर के ग्रांड पीतल बारातघर, मालीवाड़ा स्थित वोल्गा पैलेस, कविनगर के ट्रिनिटी बारातघर और एनएच 24 पर संचालित ऐलीगेंट बारातघर में सुरक्षा मानकों की लापरवाही दिखाई दी। कहीं उपकरणों की खराब हालत तो कहीं एक्सपायर हो चुके मिले। एक-दो प्रतिष्ठानों में आग हादसे के समय बचकर निकलने के लिए आपातकालीन रास्ता ही नहीं बनाया गया था। इन सभी को नोटिस देते हुए जल्द से जल्द व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके बावजूद कमियां पाई जाती हैं तब प्राथमिकी दर्ज कराने व अन्य तरह की कार्रवाई की जाएगी। सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि यह अभियान 12 दिसंबर 2025 से चलाया जा रहा है। 11 दिन में 42 प्रतिष्ठानों को नोटिस भेजा जा चुका है।