हरदीप सिंह ने बताया कि वह पत्नी और दो बेटों के साथ शालीमार गार्डन एक्सटेंशन एक स्थित मकान की पहली मंजिल में किराये पर रहते हैं। 10 दो दिन पहले हुई बारिश में जलभरवा की स्थिति हुई थी। इसके बाद उन्होंने स्कूटी से बैटरी निकालकर घर में रख दी थी।
शुक्रवार देर रात अचानक बैटरी फटी और उसके नीचे रखे गद्दे में आग लग गई। धुआं जब उनके कमरे में भरना शुरू हुआ तब वह बाहर निकले और आग का पता चला। तब तक आग बाहरी हिस्से में फैल चुकी थी और दरवाजे से बाहर निकलना भी मुश्किल था।
इसके बाद उन्होंने शोर मचाकर आस पड़ोस के लोगों को एकत्र किया। कमरे के पिछले हिस्से में लगी ग्रिल को काटकर बाहर निकलने का रास्ता बनाया। बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से उन्होंने पत्नी और दोनों बच्चों को पहले नीचे उतारा और उसके बाद खुद उतरे।
आग की सूचना पर दमकल की टीम पहुंची और तुरंत आग पर काबू पाया। हरीदप सिंह ने बताया कि आग में रसोई का सारे बर्तन व अन्य सामान, लकड़ी की अलमारी व अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि हादसा इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी फटने से हुआ था। कोई जनहानि नहीं हुई है, समय रहते आग को बुझा दिया गया था।