साहिबाबाद। थानाक्षेत्र के मोहन नगर स्थित आनंद इंडस्टि्रयल क्षेत्र में संचालित कृष्णा पॉलीमर्स फैक्टरी में सोमवार देर रात अचानक आग लग गई। हादसा इतना भयंकर था कि आसपास की फैक्टरी से भी श्रमिक व स्थानीय लोग सड़क पर आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दमकल काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग लगने के पीछे शार्ट सर्किट माना जा रहा है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि हादसा 16 मार्च की रात करीब 12 बजे हुआ। सूचना मिलते ही मौके पर दो फायर टेंडर के साथ दमकल टीमों को भेजा गया। फैक्टरी के कुछ हिस्से ऐसे थे जहां तक हौज पाइप बिछाकर आग बुझाने का काम किया। करीब एक घंटे तक दमकल की टीमें आग बुझाती रहीं। सीएफओ ने बताया कि आग को अन्य फैक्टरियों तक पहुंचने से पहले ही बुझाकर काबू कर लिया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। बताया कि फैक्टरी में पुरानी प्लास्टिक को पिघलाकर दाना बनाकर उत्पाद बनाए जाते हैं। शुरुआती जांच में आग शॉर्ट-सर्किट से होने की बात सामने आई है। फैक्टरी मालिक रश्मि गुलाटी भी हादसे की सूचना पर फैक्टरी पहुंची थीं। फैक्टरी में दमकल उपकरण व एनओसी को लेकर जांच की जा रही है।