फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: गैस सिलिंडर से घर में लगी आग, 15 वर्षीय किशोरी की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
कौशांबी। कौशांबी थाना क्षेत्र के भौवापुर गांव में शनिवार रात खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में आग लगने से 15 वर्षीय किशोरी आंचल की झुलसकर मौत हो गई। बेटी को बचाने के लिए कमरे में घुसे पिता गुड्डू महतो (45) भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। उन्हें कौशांबी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। सूचना के बाद पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया।
विज्ञापन




एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, रात करीब नौ बजे डायल-112 के माध्यम से भौवापुर में एक मकान में गैस सिलिंडर से आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि करीब 50 गज के भूखंड पर चार मंजिला मकान बना हुआ है। गुड्डू महतो परिवार के साथ चौथी मंजिल पर किराये पर रहते हैं। वह मूलरूप से श्रीपुर गांव हनुमान गंज सुल्तानपुर के रहने वाले हैं। रात करीब साढ़े आठ बजे पत्नी नीतू ने सिलिंडर खत्म होने पर नया सिलिंडर लगाया था, जिसका रेगुलेटर सही नहीं लगा। इसके कारण उसमें से गैस रिसने लगी। जैसे ही रात में खाना बनाने के माचिस जलाई तो अचानक से आग लग गई। आग इतनी भयानक तरीके से लगी कि घर का सारा सामान जल गया। साथ ही आग ने तीसरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। जहां भी आग की लपटें आ गई। हालांकि यहां मौजूद अन्य किराएदारों ने नीचे भागकर अपनी जान बचाई। वहीं पत्नी नीतू और उनके बेटे ने बालकनी में खड़े होकर अपनी जान बचाई।



बेटी को बचाने के लिए कमरे में घुस गए गुड्डू



आग लगते ही गुड्डू, उनकी पत्नी नीतू और बेटा दीपांशु किसी तरह बालकनी में पहुंच गए, लेकिन 15 वर्षीय आंचल कमरे में फंस गई। उसे आग से घिरा देख गुड्डू उसे बचाने के लिए कमरे में चले गए। इस दौरान वह भी झुलस गए। गंभीर रूप से झुलसी आंचल और उसके पिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान आंचल को मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन




आठ फीट की गली के कारण नहीं पहुंच सकी दमकल



हादसे वाले मकान तक पहुंचने वाली गली करीब आठ फीट चौड़ी है। संकरी गली होने के कारण दमकल की गाड़ी अंदर तक नहीं पहुंच सकी। इसके चलते दमकलकर्मियों को बाहर से ही आग बुझाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। आग की चपेट में आने से तीसरी और चौथी मंजिल प्रभावित हुई।



सुप्रीम कोर्ट की वकील के यहां मुंशी हैं गुड्डू



गुड्डू महतो यहां किराये के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। वह सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता सृष्टि जुनेजा के यहां मुंशी का काम करते हैं। उनकी बेटी आंचल दिल्ली के गाजीपुर स्थित सरकारी स्कूल में कक्षा 10 की छात्रा थी। उसका छोटा भाई दीपांशु कक्षा नौ में पढ़ता है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।



एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य का कहना है कि आग लगने से किशोरी की मौत हुई है, जबकि उसके पिता खतरे से बाहर हैं। मामले में कौशांबी थाने पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद राहुल पाल का कहना है कि आग की सूचना मिलने के दो फायर टेंडर को मौके पर भेजा गया था, लेकिन संकरा रास्ता होने के गाड़ियां अंदर गली में नहीं जा सकीं। इसके बाद दमकल कर्मी ऊपर मंजिल पर गए और पानी के पाइप से आग बुझाई।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें