इंदिरापुरम स्थित शिप्रा सृष्टि सोसायटी के 15वीं मंजिल पर बने फ्लैट से निकलती आग की लपटें।
इंदिरापुरम। शिप्रा सृष्टि सोसायटी की 15वीं मंजिल के फ्लैट में 26 मई की शाम करीब 4 बजे अचानक आग लग गई। हादसे में फ्लैट का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने सोसायटी के उपकरण और चार वाटर टेंडर से 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। शुरुआती जांच में आग एसी में ब्लास्ट होने की वजह से लगने की बात सामने आई है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि फ्लैट संख्या 1506 गौरव बंसल का है। इसमें दीपक कुमार, जागृति किशोर और दक्ष किशोर किराये पर रहते हैं।
मंगलवार शाम 4 बजे आग की सूचना मिली तो दमकल की टीमें चार वाटर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। 20 मिनट में आग को पूरी तरह बुझा लिया गया। हालांकि फ्लैट की बालकनी से निकलती आग की ऊंची-ऊंची लपटों और धुएं से पूरी सोसायटी में डर का माहौल पैदा हो गया। सीएफओ ने बताया कि एसी में ब्लास्ट के बाद आग लगने की बात सामने आई है। हादसे के समय फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था।
इंदिरापुरम स्थित शिप्रा सृष्टि सोसायटी के 15वीं मंजिल पर बने फ्लैट से निकलती आग की लपटें।