साहिबाबाद। मोहन नगर साइट दो स्थित इलेक्ट्रिकल सामान बनाने की फैक्टरी में आग लग गई। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने फैक्टरी में फंसे दो लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाल। कर्मचारियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग लगने का सही कारण का पता नहीं चल पाया है।
अजंता कंपाउंड के प्लाट नंबर 4/ 39 व 40 में राकेश चौहान की एसआर चिप इलेक्ट्रानिक प्राइवेट लिमिटेड के नाम से फैक्टरी है। इस फैक्टरी में गाजीपुर के अजय यादव व अमरदीप चौहान काम करते हैं। कंपाउंड में सोमवार देर रात फैक्टरी में आग लगने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलने पर दमकल कर्मी पानी के टैंकर लेकर मौके पर पहुंचे। पता चला कि दो कामगार अजय यादव व अमरदीप फैक्टरी के अंदर फंसे हुए हैं। तत्काल दमकल कर्मियों ने फैक्टरी की आग बुझाई और शटर तोड़कर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि मौके पर दमकल की टीम नौ मिनट में पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू किया। अजय व अमरदीप फंसे होने पर शटर में आग लगने के कारण लोग उन्हें बाहर नहीं निकाल पा रहे थे। दमकल टीम ने मुख्य गेट से प्रवेश कर आग बुझाना शुरू किया, जबकि दूसरी टीम ने शटर की आग बुझाकर शटर तोड़ा और दोनों कामगारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग बुझाने के लिए साहिबाबाद के साथ वैशाली फायर स्टेशन की गाड़ी भी बुलाई गई।