गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र के अमृत स्टील कंपाउंड स्थित शीतल एंटरप्राइजेज के गोदाम में मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग से चिप्स, पानी की खाली व भरी बोतलें और फर्नीचर समेत लाखों को सामान जल गया। नगर कोतवाली और वैशाली स्टेशन की चार दमकल विभाग की टीमों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया।
सीएफओ राहुल पाल के अनुसार मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे फायर जीटी रोड पर अमृत स्टील कंपाउंड स्थित फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली। एफएसओ कोतवाली तीन गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। सीएफओ ने बताया कि आग रोहित गुप्ता के शीतल एंटरप्राइज डिस्ट्रीब्यूटर के गोदाम में लगी थी। गोदाम में चिप्स, पानी की बोतलों समेत अन्य सामान का स्टॉक रखा था। आग की विकरालता को देखते हुए वैशाली फायर स्टेशन से भी एक फायर टेंडर को मौके पर बुलाया गया। दमकल विभाग की टीम ने हौज पाइप लाइन फैलाकर आग को चारों तरफ से घेरकर काबू पाने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गोदाम में काम कर रहे कर्मचारी आग लगते ही बाहर निकल आए। आग की चपेट में आकर लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग से कोई जनहानि नहीं हुई। संभावना जताई जा रही है कि स्टॉक रूम में बिजली की ओवरलोड होने पर शॉर्ट-सर्किट से आग लगी है।
....