गाजियाबाद। सिद्धार्थ विहार स्थित प्रतीक ग्रैंड सोसायटी के एक फ्लैट में सोमवार सुबह आग लग गई। गनीमत रही कि टावर का मुख्य फायर अलार्म बजने पर सुरक्षा गार्ड ने मेंटेनेंस टीम को सूचना दे दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा बच गया।
स्थानीय निवासी प्रतीक गौरव गोयल के अनुसार, घटना सोमवार सुबह करीब 10:29 बजे फ्लैट संख्या C9-2003 में हुई। फ्लैट में संदीप रोहिल्ला किराये पर रहते हैं। बताया गया कि फ्लैट के एक कमरे को स्टोर रूम बनाया गया था, जिसमें घरेलू इस्तेमाल के तेल के साथ ज्वलनशील और दहनशील रसायन रखे हुए थे।
प्रतीक गौरव गोयल ने बताया कि घटना के बाद सोसायटी की मेंटेनेंस और फायर टीम ने जांच की तो सुरक्षा नियमों की अनदेखी सामने आई। आरोप है कि फ्लैट में इंटीरियर के दौरान मालिक ने फायर अलार्म सिस्टम के स्मोक डिटेक्टर और स्प्रिंकलर को फॉल सीलिंग से ढक दिया था। इस वजह से फ्लैट के भीतर आग लगने पर ये उपकरण सक्रिय नहीं हो सके।
घटना के बाद सोसायटी के एस्टेट मैनेजर ने नोटिस जारी कर निवासियों को अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों के साथ छेड़छाड़ नहीं करने की चेतावनी दी है।