मसूरी। बुधवार शाम को मसूरी के अहसान होटल के पास एनएच-9 पर स्थित एक प्लास्टिक के गोदाम में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
सीएफओ सौरभ सिंह ने बताया कि घटना बुधवार शाम करीब पौने छह बजे हुई। मसूरी थाना क्षेत्र में एनएच नौ पर पुरानी वेस्ट पिन्नी के गोदाम में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस के जवान तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पिन्नी को हटाकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। इसके बाद दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। गोदाम के मालिक रविंद्र ने बताया कि उन्होंने यह गोदाम कुछ समय पहले खाली कर दिया था, लेकिन कुछ पिन्नी उठानी बाकी रह गई थी, जिसमें आग लग गई। उन्होंने आग लगने के स्पष्ट कारण की जानकारी न होने की बात कही।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को अहसान होटल के पास पिन्नी गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित कर दिया था। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही पुलिस जवानों ने पिन्नी को हटाकर आग को फैलने से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया और किसी भी जनहानि की सूचना नहीं है।