मुरादनगर। रावली मार्ग पर जीतपुर कॉलोनी में सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद शव सड़क पर रखकर जाम लगाने और प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने 50 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मौके की वीडियो और फोटो कराई है। इनके आधार पर जाम लगाने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी सुनील कुमार भारद्वाज ने बताया कि श्री हंस कॉलोनी, जीतपुर निवासी शालिनी (35) पत्नी कपिल कुमार की शनिवार रात रावली मार्ग पर पिकअप वाहन की टक्कर से मौत हो गई थी। रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कुछ अज्ञात लोग मृतका के परिजनों को बहला-फुसलाकर शव लेकर जीतपुर के सामने पहुंच गए। इसके बाद शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटने और यातायात सुचारु करने के लिए काफी समझाया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। जाम के कारण रावली मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस के मुताबिक, कई एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं, उनमें मौजूद मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देरी हुई।
स्थिति संभालने के लिए आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाना पड़ा। उच्चाधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम खोला। एसीपी ने बताया कि उपनिरीक्षक दीपक कुमार की तहरीर पर जाम लगाने के मामले में 50 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।