गाजियाबाद में थाना इंदिरापुरम पुलिस की सोमवार रात कनावनी पुस्ता रोड पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, रोकने का इशारा करने पर बदमाश बाइक लेकर भागने लगे।
गाजियाबाद में थाना इंदिरापुरम पुलिस की सोमवार रात कनावनी पुस्ता रोड पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो बदमाशों से मुठभेड़ हुई। पुलिस के रोकने का इशारा करने पर बदमाश बाइक लेकर भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक, रात करीब 10 बजे पुलिस टीम कनावनी पुस्ता रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक तेज गति से भगाकर कनावनी पुलिया की तरफ जाने लगे। शक होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी।
पुलिस ने घायल बदमाश को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सोहेल निवासी त्रिलोकपुरी दिल्ली बताया है। सोहेल ने पुलिस को बताया कि करीब 15 दिन पहले उसने इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा चौकी इलाके में मोबाइल स्नैचिंग की घटना की थी। जबकि फरार आरोपी आमिर निवासी चिल्ला गांव दिल्ली बताया गया है। पुलिस के अनुसार, सोहेल और आमिर मिलकर इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अलावा दिल्ली-एनसीआर में अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल और चेन स्नैचिंग की घटनाएं करते हैं।
विज्ञापन
पुलिस ने सोहेल के कब्जे से एक तमंचा और बाइक बरामद की है। बाइक के दिल्ली से चोरी की होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, सोहेल के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है, जिसमें उसके खिलाफ चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया। फरार आमिर की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।