गाजियाबाद। सत्र 2025-26 के स्नातक, परास्नातक पाठ्यक्रमों (स्नातक एनईपी एवं ऐसे छात्र जिनके प्रवेश पत्र जारी किए जा चुके हैं, को छोड़कर) के पहले सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा के विषय कोड और परीक्षा फॉर्म भरने के लिए यूनिवर्सिटी ने पोर्टल को आज से सक्रिय किया है। 14 से 16 जनवरी तक छात्र समर्थ पोर्टल पर विषय कोड का चयन करेंगे।
17 से 22 जनवरी तक ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने के साथ विद्यार्थी परीक्षा शुल्क जमा करेंगे। 27 को कॉलेज नॉमिनल कोड के साथ परीक्षा फाॅर्म यूनिवर्सिटी के परीक्षा विभाग में जमा करेंगे। इससे पहले ही 25 जनवरी को यूनिवर्सिटी इन छात्रों के प्रवेश पत्र जारी करेगी और 28 जनवरी से इन छात्रों की परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी।
समर्थ पोर्टल के जरिये ही भरे जाएंगे परीक्षा फॉर्म : परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि परीक्षा फाॅर्म भरने की पूरी प्रक्रिया समर्थ पोर्टल/ विश्वविद्यालय की ओर से जारी नामांकन संख्या (Enrolment Number) के माध्यम से की जानी है। इसलिए छात्र-छात्राएं अपने नए नामांकन संख्या (Enrolment Number) का प्रयोग कर परीक्षा फॉर्म भरने के लिए समर्थ पोर्टल के लिंक https://ecsuniversity.samarth.edu.in पर लॉग इन कर सकते हैं। यदि किसी छात्र के पास नई नामांकन संख्या (Enrolment Number) किसी कारणवश प्राप्त नहीं हुई है तो वह अपने महाविद्यालय से संपर्क कर नई नामांकन संख्या प्राप्त कर सकते हैं।