वेव सिटी क्षेत्र में एक मासूम बच्ची को तेज रफ्तार स्कूटी से टक्कर मारने का विरोध करने और शिकायत करने पर आरोपियों ने पीड़ित पिता के साथ बेरहमी से मारपीट की, घटना के संबंध में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना वेव सिटी में पीड़ित ने दर्ज कराई प्राथमिकी के अनुसार, डासना के मोहल्ला कुरैशियान काजी वाली मस्जिद के पास रहने वाले इमरान की बेटी इनाया घर के बाहर खेल रही थी। उसी दौरान करीब साढ़े 8 बजे डासना वेव सिटी निवासी कैफ पुत्र अय्यूब अपनी स्कूटी को बेहद तेजी और लापरवाही से चलाते हुए आया और मासूम इनाया को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद आरोपी कैफ मौके से स्कूटी लेकर फरार हो गया।
पीड़ित इमरान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वह हादसे की शिकायत लेकर आरोपी के घर जाने ही वाले थे, तभी आरोपी के परिजनों और कुछ अन्य लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। हमला करने वालों में अय्यूब, वाहिद व अबीद पुत्रगण कय्यूम और उनके कुछ अज्ञात साथियों ने इमरान के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी, गाली-गलौज का जब उन्होंने विरोध किया तो इन लोगों ने इमरान पर बेल्ट, लाठी और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे उन्हें काफी चोटें आई हैं।
घटना के बाद पीड़ित इमरान ने वेव सिटी थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाते हुए लिखित शिकायत दी। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़ित इमरान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी स्कूटी चालक कैफ और मारपीट करने वाले आरोपियों अय्यूब, वाहीद, अबीद पुत्रगण कय्यूम व अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच-पड़ताल कर वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।