फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: किसानों के प्रदर्शन से हापुड़ रोड जाम, भोजपुर टोल पर पुलिस से झड़प

विज्ञापन
कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते किसान। संवाद
विज्ञापन
गाजियाबाद/मोदीनगर। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध और एमएसपी गारंटी कानून की मांग को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) से जुड़े किसानों ने प्रदर्शन किया। गाजियाबाद में किसानों के जुलूस से हापुड़ रोड पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। दूसरी तरफ दिल्ली महापंचायत में जा रहे किसानों को भोजपुर टोल प्लाजा के पास पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई।
विज्ञापन

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान दोपहर करीब 12 बजे हापुड़ रोड पर एकत्र हुए। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, कारों और दोपहिया वाहनों के साथ बड़ी संख्या में किसान कलक्ट्रेट की ओर रवाना हुए। किसानों के जुलूस के कारण गोविंदपुरम तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। किसानों के कलक्ट्रेट पहुंचने के करीब आधे घंटे बाद दोपहर डेढ़ बजे यातायात सामान्य हो सका।
कलक्ट्रेट पहुंचकर किसानों ने जिलाधिकारी रविंद्र मांदड़ को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने अमेरिका के साथ हुए व्यापारिक समझौते को रद्द करने, एमएसपी गारंटी कानून लागू करने और स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। डीएम ने ज्ञापन पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विज्ञापन

प्रदर्शन में भाकियू जिलाध्यक्ष बिजेंद्र चौधरी, रविंद्र कुमार, रामकुमार चौधरी, कुलदीप त्यागी, पवन कुमार, लालाराम और रामअवतार त्यागी समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
भोजपुर टोल पर रोके गए दिल्ली जा रहे किसान
दिल्ली के किसान घाट पर आयोजित महापंचायत में शामिल होने जा रहे भाकियू (टिकैत) के किसानों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के भोजपुर टोल प्लाजा के पास रोक दिया। किसान दिल्ली जाने की मांग पर अड़े रहे, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। इस दौरान किसानों ने बैरिकेडिंग हटाने का प्रयास किया, जिसको लेकर पुलिस और किसानों के बीच करीब 10 मिनट तक धक्का-मुक्की और झड़प हुई। इसके बाद आक्रोशित किसानों ने भोजपुर थाने पहुंचकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान अजीत चौधरी, मुस्तफा, हामिद चौधरी, कुशलवीर समेत अन्य किसान मौजूद रहे।
विज्ञापन

कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते किसान। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें