चप्पे-चप्पे पर पुलिस रही तैनात
आंदोलन में किसानों का बड़ा जत्था पहुंचने पर पुलिस भी चप्पे-चप्पे पर तैनात नजर आई। जिसमें पीएसी व पुलिस जवान आंदोलन स्थल पर लगातार निगरानी बनाए हुए थे। इसके अलावा केंद्र व स्टेट की खुफिया विभाग की टीमें भी आंदोलन स्थल पर मौजूद रही। बताया गया कि पैदल यात्रा में अनूपशहर के एक किसान ट्रैक्टर की चपेट में आकर चोटिल हो गया। उन्हें तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों की टीम इलाज कर रही है।
इधर, यूपी गेट फ्लाईओवर के नीचे किसानों ने बारिश से बचने के लिए टेंटो के पास सीमेंटेड ईंट लगा ली हैं। किसान राहुल सुराना ने बताया कि टेंट में पानी पहुंचने से सामान खराब हो जाते हैं व बिस्तर भी भीग जाते हैं। इससे किसानों को पहले ही काफी नुकसान हो चुका है।
वाहनों का दबाव होने पर जाम
गौड़ ग्रीन एवेन्यू कट और खोड़ा नहर पुश्ता रोड पर वाहनों का दबाव होने पर जाम की स्थिति रही। हालांकि जाम न लगे इसके लिए जगह जगह यातायात पुलिस बल तैनात किया गया था। यूपी गेट पर पीएसी और स्थानीय पुलिस को तैनात किया गया था। एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह, सीओ इंदिरापुरम अंशु जैन, एसएचओ कौशांबी महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद थे। पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी गई। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस बल तैनात रहा। खुफिया विभाग भी अलर्ट पर था।