आज 24 घंटे के लिए डासना पर जाम लगाएंगे किसान
साहिबाबाद। कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों ने शनिवार सुबह आठ बजे से अगले 24 घंटे के लिए डासना पर डेरा डालने का एलान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के आह्वान पर गाजीपुर किसान आंदोलन कमेटी ने एक्सप्रेसवे को रविवार सुबह आठ बजे तक जाम करने का एलान किया है। इससे पेरिफेरल और एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहनों को दिक्कत होंगी। वहीं सड़क पर विरोध प्रदर्शन के दौरान जाम में फंसे यात्रियों को किसान पानी, चाय और खाना भी खिलाएंगे।
भाकियू के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा ने कोंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे (केएमपी) पर 24 घंटे तक जाम करने का निर्णय लिया है। लेकिन गाजीपुर पर बैठे आंदोलनकारी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों को वहां जाने में समय लगेगा। इसके लिए गाजीपुर किसान आंदोलन कमेटी ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर डासना के पास सड़क जाम करने का एलान किया है। किसानों का यह प्रदर्शन शनिवार सुबह आठ बजे से रविवार सुबह आठ बजे तक चलेगा। ऐसे में अब किसानों के इस एलान से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहन चालकों को परेशानी होगी। जाम को सफल बनाने के लिए भाकियू ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों को डासना पहुंचने का आह्वान किया है। उन सभी को ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों से पहुंचने के लिए कहा गया है। कमेटी के पदाधिकारी जगतार सिंह बाजवा ने बताया कि किसानों के इस जाम में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी मौजूद रहेंगे। मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक के मुताबिक, जाम में शव वाहन, एंबुलेंस, बारात, आवश्यक वस्तु से संबंधित वाहनों को निकलने दिया जाएगा। इसी तरह यदि महिलाओं की गाड़ी फंस जाती है तो उनको नीचे उतरने की छूट दी जाएगी। प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा का कहना है कि 24 घंटे के जाम को लेकर किसानों ने अपनी पूरी तैयारी कर ली है। किसान वहां पर गाड़ी और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचेंगे।