पन्नालाल श्यामलाल अस्पताल में हंगामा के दौरान रोते बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : टूंडला के रैन बसेरा में लगी आग बुझाते लोग संवाद
गाजियाबाद। सिहानी गेट स्थित पन्नालाल श्यामलाल अस्पताल में ऑपरेशन से पहले इंजेक्शन लगाए जाने के बाद फैक्टरी कर्मचारी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए डॉक्टरों और अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विश्वास नगर कॉलोनी सिहानी चुंगी निवासी हिमांशु कुमार ने बताया कि उनके पिता विपिन कुमार (54) को पेशाब में खून आने की शिकायत थी। इसके बाद उन्हें कालकागढ़ी चौक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉ. मनीष कुमार ने उनकी जांच कराई। जांच के बाद बताया गया कि पेशाब की थैली में गांठ होने के कारण खून आ रहा है और इसके लिए ऑपरेशन करना पड़ेगा। ऑपरेशन बुधवार सुबह तय किया गया था। परिजनों का आरोप है कि 26 मई की शाम को भर्ती किए जाने के बावजूद अस्पताल में कोई उपचार शुरू नहीं किया गया।
हिमांशु के अनुसार बुधवार सुबह डॉक्टर की मौजूदगी के बिना वार्ड बॉय ने उनके पिता को इंजेक्शन लगाया। कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। विपिन कुमार मेरठ रोड स्थित श्रीराम पिस्टन फैक्टरी में कार्यरत थे। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर सिहानी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हिमांशु कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित विक्रम ने बताया कि अभी तक उनके पास इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।
पन्नालाल श्यामलाल अस्पताल के निदेशक डॉ. मनीष कुमार का कहना है कि मरीज को यूरिन ब्लैडर का कैंसर था, दो महीने से खून आ रहा था। बायोप्सी करने के लिए भर्ती किया गया था। पहले पैनल से कराना चाहते थे, रात में भर्ती हुए थे। सुबह एंटीबायोटिक का इंजेक्शन लगाने के बाद ओटी में लिया जाना था। इंजेक्शन लगाने के दौरान ही अचानक मौत हो गई। यह सामान्य इंजेक्शन है, पिछले 30 वर्ष से इसका प्रयोग किया जा रहा है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।