गाजियाबाद। औद्योगिक क्षेत्र की स्वदेशी कम्पाउंड स्थित अमन वायर कंपनी के मालिक अमन अग्रवाल के खिलाफ मृतक कर्मचारी के भाई ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित संतोष कुमार का आरोप है कि बहन की शादी के लिए उसके छोटे भाई अंकित ने कंपनी के मालिक से बकाया रुपये मांगे थे। रुपये देने की बजाए उनके भाई की हत्या कर दी गई।
एसीपी कविनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि दरियापुर कुम्हरावां बक्शी का तालाब लखनऊ में रहने वाले संतोष कुमार के मुताबिक उनका छोटा भाई अंकित कुमार औद्योगिक क्षेत्र स्थित अमन वायर कंपनी नाम से फैक्टरी में काम करता था। आरोप है कि 12 अप्रैल 2025 को अंकित की मौत की सूचना फोन पर मिली। मौके पर पहुंचे परिजन शव लेकर अपने गांव चले गए। संतोष का कहना है कि उनकी बहन की शादी 25 अप्रैल 2025 को होनी थी। इसके लिए उन्होंने अंकित को फोन कर घर कब तक लौटने की बाबत पूछा था। अंकित ने बताया था कि उसके कुछ रुपये फैक्टरी मालिक पर बकाया है। बहन की शादी में रुपयों की आवश्यकता होगी, मालिक से रुपये लेकर वह गांव लौटेगा। संतोष कुमार का आरोप है कि रुपये देने की बजाए उनके भाई की हत्या कर दी गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर फैक्टरी मालिक अमन अग्रवाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसीपी कविनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पूर्व में परिजनों ने हादसे में ट्रेन से कटकर अंकित की मौत होना बताया था। पंचनामे में भी ये ही दर्शाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शव पर 18 सेमी लंबी और 42 सेमी चौड़ाई का जख्म के साथ-साथ अन्य चोट भी लिखी गई हैं। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।