गाजियाबाद। कौशांबी थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने शुरुआत में 4950 रुपये निकलवाकर उसका भरोसा जीता। इसके बाद भारी मुनाफे का लालच दिया और निवेश कराया। आखिरी में निकलवाने की प्रक्रिया के लिए रकम मांगकर बैंक खाता खाली कर दिया। मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कौशांबी थानाक्षेत्र की रामप्रस्थ ग्रीन सोसाइटी में निवासी डॉ. पंकज नंद चौधरी ने शिकायत में बताया कि मई 2025 में वह इंटरनेट पर क्रिप्टो करेंसी ट्रेडिंग के प्लेटफॉर्म जानकारी ले रहे थे। इसी समय असली दिखने वाली एक ट्रेडिंग वेबसाइट पर पहुंच गए। वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर के जरिए उनसे संपर्क किया। ठगों ने केवाईसी के नाम पर उनका आधार और पैन कार्ड लिया। इसके बाद प्लेटफॉर्म पर अकाउंट खोल दिया।
इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में रकम भेजने के लिए कहा। हर ट्रांजेक्शन के बाद यूटीआर नंबर मांगा जाता और उनके ऑनलाइन अकाउंट में क्रिप्टो करेंसी के रूप में बैलेंस दिखा दिया जाता था। पीड़ित ने बताया कि 21 मई 2025 को उन्होंने 4950 रुपये सफलतापूर्वक निकाल लिए थे। इससे उन्हें प्लेटफॉर्म पर भरोसा हो गया।
इसके बाद ठगों ने उन्हें बड़े निवेश के लिए प्रेरित किया और ज्यादा निवेश पर ज्यादा मुनाफा का लालच दिया। ठगों के बताए अलग-अलग बैंक खातों में रुपयों को भेजते गए। कुल 1.47 करोड़ रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। कुछ ट्रांजेक्शन तकनीकी कारणों से वापस भी आए। इस दौरान शक हुआ। इसके बाद जुलाई माह में ठगों ने एक मोबाइल नंबर दिया और मानसी नाम की महिला से बात करने को कहा।
महिला ने उनके खाते में 8896.85 डॉलर लोन के रूप में जोड़कर दिखाया और उनके अकाउंट में भारी मुनाफा प्रदर्शित किया। घटना के संबंध में पीड़ित ने 26 मार्च को साइबर थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस का कहना है कि जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी डिटेल खंगाली जा रही है। संबंधित बैंकों से जानकारी जुटाकर खाताधारकों की पहचान कर रही है।
रुपये निकालने के नाम पर भी हड़पते गए रुपये
पीड़ित ने जब रुपये निकालनेेे का प्रयास किया तो ठग शर्त पर शर्त रखते गए। कर के नाम पर रुपये जमा कराते गए। इसके बावजूद निकासी नहीं हुई। इसके बाद ठगों ने नया बहाना बनाते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय ब्लॉकचेन सर्वर ठप है और एशियाई यूजर्स के लिए सुरक्षा बीमा अनिवार्य है। इसके लिए 39 हजार डॉलर जमा करने करने होंगे। उन्होंने इतनी बड़ी अतिरिक्त रकम देने से इनकार कर दिया। इसके बाद ठगों ने उनके अकाउंट में दिख रही पूरी राशि को शून्य कर दिया और उनका प्रोफाइल अकाउंट बंद कर दिया। इसके बाद सभी संपर्क भी तोड़ दिए गए।