मोदीनगर। नगर की आकाश विहार कॉलोनी में शनिवार रात बाइक की साइलेंसर से धमाके का विरोध पर आरोपियों ने जमकर मारपीट की और पिस्टल लहराकर दहशत फैलाई।
भीड़ ने चार आरोपियों को पिस्टल समेत पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर पिस्टल जब्त कर ली और बाइक व कार सीज कर दिया।
आकाश विहार कॉलोनी निवासी शिवकुमार त्यागी के अनुसार शनिवार रात करीब 10.30 बजे कॉलोनी निवासी युवक आर्यन बुलेट बाइक से जोरदार धमाका कर दहशत फैला रहा था। शिवकुमार ने आर्यन को धमाके करने से रोका तो इससे वह आग बबूला हो गया और गाली-गलौज करने लगा। शोर सुनकर मौके पर पहुंचा आरोपी युवक का चाचा आकाश कुमार भी उन्हें धमकाने लगा। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि आर्यन ने कॉल कर अपने पिता सन्नी व अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।
कुछ देर में पिता सन्नी और कई युवक कार लेकर मौके पर पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी।
एसीपी मअमित सक्सेना ने बताया कि तहरीर के अनुसार दीपक निवासी गाजीपुर पूर्वी दिल्ली व सन्नी निवासी आकाश विहार व दो अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।