गाजियाबाद। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। लोगों को लगातार सिर दर्द, आंखों में जलन और भारीपन की शिकायत हो रही है। हैरानी की बात यह है कि कई मरीजों की जांच में सब कुछ सामान्य मिल रहा है, इसके बावजूद उनकी परेशानी कम नहीं हो रही है। चिकित्सकों के अनुसार, ये लक्षण प्रदूषण के दुष्प्रभाव हो सकते हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में इस तरह की दिक्कतें देखने को मिल रही हैं।
एमएमजी अस्पताल में इन दिनों सिर दर्द, आंखों में जलन और सांस संबंधी परेशानियों के साथ रोजाना 250 से 300 मरीज पहुंच रहे हैं। मरीजों की शिकायत है कि सिर में लगातार दर्द रहता है। आंखों में जलन और पानी आने की समस्या भी हो रही है। कुछ लोगों को थकान और बेचैनी महसूस हो रही है। सामान्य जांच में कोई खास समस्या सामने नहीं आने के बावजूद लक्षण बने रहने से लोग परेशान हैं।
एमएमजी अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. आरसी गुप्ता के अनुसार, प्रदूषण में मौजूद सूक्ष्म कण और हानिकारक गैसें शरीर पर असर डालती हैं। इनके संपर्क में आने से आंखों में जलन, सिर दर्द और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। चिकित्सक दवाओं से ज्यादा प्रदूषण से बचाव पर जोर दे रहे हैं।
बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान
संयुक्त अस्पताल की बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमा विष्ट के अनुसार बच्चों और बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता अपेक्षाकृत कमजोर हो सकती है। इसलिए उन्हें प्रदूषित वातावरण में अधिक समय तक रहने से बचाना चाहिए। सिर दर्द लगातार बना रहे, सांस लेने में परेशानी हो या आंखों में अधिक जलन हो तो चिकित्सक से परामर्श लेना जरूरी है। बिना डॉक्टर की सलाह के दवाओं का सेवन नहीं करना चाहिए।
लोगों को हो रही परेशानी
आंखों में जलन और लालिमा की समस्या बढ़ना।
लगातार सिर दर्द और सिर में भारीपन महसूस होना।
गले में खराश और सूखी खांसी की शिकायत होना।
सांस लेने में परेशानी और सीने में जकड़न महसूस होना।
थकान, बेचैनी और शारीरिक असहजता बढ़ना।
इस तरह कर सकते हैं प्रदूषण से बचाव
जरूरत न होने पर घर से बाहर निकलने से बचें।
बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क पहनें।
सुबह और शाम प्रदूषण अधिक होने पर खुले में टहलने से बचें।
आंखों को बार-बार हाथों से न मलें, साफ पानी से धोते रहें।
सुबह के समय घर के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें, पर्याप्त पानी पीते रहें।