फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: शेयर ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर इंजीनियर से 1.65 लाख ठगे

विज्ञापन
विज्ञापन
खोड़ा। थानाक्षेत्र के दीपक विहार निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर आकाश कुमार से शेयर ट्रेडिंग में निवेश और मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने 1.65 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने अपने ही बनाए एप में मुनाफा दिखाकर उनसे रकम निवेश करवाई। इसके बाद रकम को निकालने के लिए और रुपये जमा करने का दबाव बनाया। यहां तक कि धमकी भरे ई-मेल भी किए। मामला 24 सितंबर का है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन


पुलिस को दी शिकायत में आकाश कुमार ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। जून में उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया था। इस ग्रुप के जरिए उन्हें एक एप भी डाउनलोड कराया गया। इसके बाद उन्हें एक कंपनी के इनीशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) के तहत 30 हजार रुपये में शेयर बेचा गया। इसमें 29 हजार रुपये उन्हें वापस मिले और आरोपियों ने एक हजार का नुकसान बताया। पहली रकम वापस लौटाकर ठगों ने भरोसा जताया। ठगों ने जीरो निवेश में एक अन्य कंपनी के शेयर आईपीओ के तहत खरीदने का झांसा दिया। इसके बाद उनसे 1.35 लाख रुपये निवेश करा लिए। निवेश की गई रकम निकालने के लिए 1.05 लाख रुपये जमा करने को कहा। इस पर उन्होंने मना कर दिया लेकिन ठगों ने धमकी भरे मैसेज व ई-मेल भेजने शुरू कर दिए। दबाव में आकर उन्होंने 24 सितंबर को 1.05 लाख रुपये भी ठगों के बताए बैंक खातों में जमा कर दिए। 48 घंटे बीतने के बाद उन्हें 2.11 लाख का मुनाफा एप में दिखाई दिया। जब निकालने के लिए प्रक्रिया की तब उनसे 30 हजार रुपये की मांग फिर रख दी गई। इस तरह झांसे में आकर उन्होंने 1.65 लाख रुपये गंवा दिए। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने बैंक से संपर्क किया तब उन्हें इसकी पुष्टि हुई। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बैंक खातों को ट्रेस किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें