मोदीनगर। भोजपुर के गांव कलछीना में शनिवार को राजस्व वसूली और अवैध कनेक्शन काटने गई ऊर्जा निगम की टीम को ग्रामीणों ने घेर कर पिटाई कर दी। अधिकारियों और कर्मचारियों ने किसी तरह भाग कर जान बचाई। घटनास्थल पर पुलिस को देख आरोपी भाग गए।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता महेश उपाध्याय ने बताया कि भोजपुर के गांव कलछीना में शनिवार को राजस्व वसूली के लिए उपखंड तीन के एसडीओ प्रदीप और क्षेत्र के अवर अभियंता सहित विभिन्न अधिकारियों की टीम गई थी। वहां शिविर लगाकर लोगों से बकाया जमा करने की अपील की गई। कुछ ग्रामीणों को लगा कि टीम उनके कनेक्शन काटने आई है। इस बात को लेकर टीम और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक होने लगी। जानकारी के बाद अधिशासी अभियंता भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि ग्रामीणों ने उनके साथ भी अभद्रता करते हुए बदसलूकी की। देखते ही देखते वहां सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने टीम को घेर लिया और पिटाई कर दी। टीम के लोगों ने इधर-उधर छिपकर अपनी जान बचाई और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना के बाद एसीसी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपियों को खदेड़ा। एसीपी ने बताया कि अभी मामले की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। -पहले भी हो चुकी है धक्का-मुक्की
ऊर्जा निगम के अधिकारियों के अनुसार गांव कलछीना में बिजली चोरी के सबसे ज्यादा मामले मिलते हैं। काफी संख्या में ग्रामीण समय पर बिलों का भुगतान भी नहीं करते हैं। पहले भी कई बार कार्रवाई के लिए पहुंची ऊर्जा निगम की टीम के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता हुई है। इसके बाद टीम पुलिस को साथ लेकर जाने लगी। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि ऊर्जा निगम की टीम शनिवार को बिना पुलिस को सूचना दिए कार्रवाई के लिए गई थी। अगर पूर्व सूचना दी जाती तो पुलिस बल साथ भेजा जाता।