संवाद न्यूज एजेंसी
ब्रजघाट। गंगानगरी क्षेत्र में हाईवे किनारे बनी अस्थायी दुकानें और अतिक्रमण सर्दी के मौसम में बड़े हादसे का कारण बन सकता है। हाईवे किनारे वाहन खड़े कर लोग इन दुकानों से सामान खरीदते हैं। ऐसे में हर समय हादसा होने की संभावना बनी रहती है। एनएचएआई के कई बार कार्रवाई के बावजूद भी अतिक्रमण से निजात मिल पाना संभव नहीं हो पा रहा है।
तीर्थ पुरोहित राजकुमार लालू का कहना है कि ब्रजघाट में हाईवे के दोनों तरफ अस्थायी दुकान बनाकर लोगों ने अतिक्रमण किया हुआ है। पार्किंग स्थल के निकट खाद्य पदार्थों की अस्थायी दुकान और दूसरी तरफ चैक पोस्ट के पास से गढ़ की तरफ करीब एक किलोमीटर तक सड़क के बिल्कुल किनारे मूढ़ों की दुकानें सजी हुई हैं। दोनों तरफ से आवागमन करने वाले लोग निजी वाहनों को इन दुकानों के सामने हाईवे पर खड़ा कर सामान की खरीदारी करने लगते हैं। विनय मिश्रा का कहना है कि सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है। दिसंबर के महीने में कोहरा पड़ना शुरू हो जाएगा।
ऐसे में इन अस्थायी दुकानों के सामने हाईवे पर खड़े हुए वाहन कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। इन अस्थायी दुकानों को हटाने के लिए कई बार एनएचएआई ने अभियान चलाया है। लेकिन, अतिक्रमण करने वाले लोग कुछ दिन बाद ही दोबारा अपनी दुकान लगा लेते हैं। घने कोहरे और अंधेरे में वाहनों की भिड़ंत होने की संभावना बढ़ जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि आगामी मौसम के मद्देनजर हाईवे पर यातायात सुगम बनाने और हादसों की संभावना को कम करने के लिए अतिक्रमण हटवाया जाना बेहद जरूरी है।
एसडीएम श्रीराम सिंह का कहना है कि इस संबंध में एनएचएआई के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। जल्द ही हाईवे किनारे से अतिक्रमण हटवाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। बार-बार अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।