संदिग्ध परिस्थितियों में सुपरवाईजर की मौत
- फोटो : अमर उजाला
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के कुचेसर चौपला स्थित एक प्लाईवुड फैक्टरी में जिला रायबरेली के गांव गोरानगपुरवा निवासी सुपरवाईजर हर्ष प्रताप (23) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार की रात लगभग आठ बजे सुपरवाईजर का शव कमरे में पंखे से लटका मिला।
समाचार भेजे जाने तक पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर मामले की जांच कर रही थी। मृतक के जीजा रजनीश ने बताया कि वह भी कुचेसर चौपला स्थित प्लाईवुड फैक्टरी में काम करते हैं। कुचेसर चौपला पर वह एक मकान पर किराए पर रहते हैं। जबकि उनके साले हर्ष प्रताप फैक्टरी में बने क्वार्टर में रह रहे थे।
हर्ष प्रताप पिछले दो वर्षों से फैक्टरी में सुपरवाईजर के पद पर कार्यरत थे। बताया यह भी जा रहा है कि हर्ष प्रताप को बृहस्पतिवार की सुबह से किसी ने नहीं देखा था और न ही वह ड्यूटी आए थे। शुक्रवार की रात लगभग आठ बजे उन्होंने हर्ष प्रताप की तलाश की तो उनकेे कमरा अंदर से बंद जा रहा था।
उन्होंने इसकी सूचना फैक्टरी मालिक और पुलिस को दी। सूचना पर सीओ जितेंंद्र कुमार शर्मा, थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता, फोरेंसिक टीम के साथ फैक्टरी में पहुंचे। जहां पुलिस टीम फैक्टरी में कार्यरत अन्य कर्मचारियों की मदद से दरवाजा तोड़ कर कमरे में दाखिल हुई। इस दौरान हर्ष प्रताप का शव कमरे में पंखे से लटका मिला।
मृतक के जीजा ने बताया कि हर्ष प्रताप का रिश्ता तय हो चुका था। आगामी मई माह में उनकी शादी होनी थी। समाचार भेजे जाने तक पुलिस व फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलूओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।