साहिबाबाद। भोपुरा स्थित तीन कॉलोनियों में शनिवार सुबह सात बजे ही बिजली गुल हो गई और 12 बजे के बाद ही आई। इस वजह से कृष्णा विहार कुटी, पंचशील व डिफेंस कॉलोनी के 20 हजार से अधिक लोगों को पानी नहीं मिल सका। इससे परेशान लोगों ने ऊर्जा निगम से शिकायत की तो पता चला कि 33 केवी लाइन में फॉल्ट है। लोगों ने आरोप लगाया कि विद्युत निगम बिना किसी सूचना के शटडाउन ले लेता है।
निवासी अंजू देवी ने बताया कि भोपुरा की डिफेंस काॅलोनी, पंचशील व कृष्णा विहार कुटी में सुबह सात बजे से बिजली चली गई और उसी समय पानी की आपूर्ति होती है। कुद सयम तक तो लोगों ने बिजली का इंतजार किया लेकिन जब कई घंटे बीत गए तो ऊर्जा निगम को कॉल करके जानकारी ली। एसडीओ और जेई ने बताया कि फॉल्ट की वजह से बिजली आपूर्ति बंद की गई है। हालांकि जल्द ही चालू करने की बात कही। निवासी कपिल ने बताया कि कॉलोनी में आए दिन बिना सूचना के ही बिजली काट दी जाती है। कई महीनों से मरम्मत के नाम पर कटौती की जा रही है। कॉलोनियों का फीडर शहरी की बजाय ग्रामीण क्षेत्र से जोड़ रखा है। शहर में रहकर भी बिजली नहीं मिल रही है। वहीं, इंदिरापुरम के न्याय खंड एक और दो में भी दिन में चार से पांच घंटे बिजली कटौती हुई।
-
टीएचए के कुछ क्षेत्रों में मरम्मत और लोकल फॉल्ट की वजह से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। हालांकि कुछ समय बाद ही आपूर्ति सुचारू करा दी गई। -बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता, ऊर्जा निगम जोन-तीन।
-