साहिबाबाद। बुधवार को कहीं घंटों गुल रही बिजली तो कहीं आवाजाही से लोग परेशान रहे। तुलसी निकेतन कॉलोनी और इंद्रप्रस्थ आवासीय कॉलोनी में तीन घंटे की बिजली कटौती हुई। बिजली नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में बिजली ट्रिपिंग की समस्या भी बनी रही।
तुलसी निकेतन कॉलोनी निवासी जगदीश ने बताया कि दोपहर चार बजे बिजली कटौती की गई। कई घंटे इंतजार करने के बाद जब अधिकारियों को फोन किया तो उसकी कुछ देर बाद लगभग सात बजे बिजली आपूर्ति सुचारु की गई। वहीं वसुंधरा, इंदिरापुरम, भोपुरा में भी बिजली ट्रिपिंग से लोगों को परेशानी हुई।
वहीं इंद्रप्रस्थ आवासीय कॉलोनी में भी दिन शुरू होते ही बिजली का आना-जाना लगा रहा। स्थानीय निवासी सतीश भारद्वाज ने बताया कि हर दो से तीन घंटे में बिजली का आना जाना रहा। इस वजह से लोगों के इन्वर्टर भी चार्ज नहीं हो पाए। पूरे दिन तीन से चार घंटे की कटौती की गई। इंदिरापुरम के ज्ञानखंड एक और दो में सुबह दस से लेकर एक बजे तक मरम्मत कार्य किया गया। इसके चलते तीन घंटे की बिजली कटौती की गई। अधिशासी अभियंता अवधेश कुमार का कहना है कि शटडाउन को लेकर उपभोक्ताओं को समय से सूचित कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि इंदिरापुरम में अगले एक सप्ताह तक मरम्मत कार्य किया जाएगा जिसमें लगभग सभी इलाकों को कवर किया जाएगा।