साहिबाबाद। टीएचए के कई इलाकों में लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। लोगों का कहना है कि जर्जर बिजली की लाइनों के चलते लोगों को रोजाना कटौती झेलनी पड़ रही है। शालीमार गार्डन, विक्रम एंक्लेव, कोयल एंक्लेव समेत अन्य इलाकों में शनिवार को चार घंटे तक बिजली गुल रही। वहीं इंंद्रप्रस्थ कॉलोनी में एवीसी केबिल में फॉल्ट होने की वजह से कई लोगों के घरों की बिजली गुल हो गई।
स्थानीय निवासी संदीप ने बताया कि सुबह सात बजे कॉलोनी में तार के टूटने के वजह से बिजली गुल हो गई थी। सुबह-सुबह बिजली नहीं होने की वजह से लोगों को पेयजल की समस्या से भी जूझना पड़ा। उन्होंने बताया कि घंटों इंतजार करने के बाद करीब नौ बजे आपूर्ति सामान्य हुई। इसके बाद दोपहर दो बजे से चार बजे तक फिर कॉलोनी की बिजली गुल रही। वहीं डिफेंस कॉलोनी निवासी पूजा ने बताया कि रोजाना 33 केवी की लाइन में फॉल्ट होता है। लाइन जर्जर हो चुकी है। इस वजह से रोजाना तीन से चार बार लाइन फैल होती है। सुबह लगभग 10 बजे से 11 बजे तक, दो से चार बजे तक और फिर शाम में लगभग एक घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। लोगों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी लाइन को बदला नहीं जा रहा है। इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं ऊर्जा निगम जोन तीन के मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल ने बताया कि फॉल्ट होने की वजह से थोड़ी देर के लिए आपूर्ति बाधित हुई थी। फॉल्ट ठीक कराकर आपूर्ति सामान्य करा दी गई हैं।