खोड़ा। नगरपालिका खोड़ा के मदरसे सील होने और बिजली कनेक्शनों देने में बरती गई लापरवाही के बाद अब ऊर्जा निगम ने जिले के 367 मान्यता प्राप्त व गैर मान्यता प्राप्त सभी मदरसों के कनेक्शन की जांच शुरू करेगा। मानकों के अनुसार मदरसे में कनेक्शन न होने पर जुर्माना राशि के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। हालांकि उससे पहले 15 दिन का नोटिस भेजा जाएगा।
अल्पसंख्यक विभाग की जानकारी के अनुसार वर्तमान समय में 228 मदरसे मान्यता प्राप्त हैं और 139 मदरसे बिना मान्यता के संचालित हैं। इनकी सभी की जांच के लिए निगम ने इलाकेवार टीम बनाने की योजना बनाई है। इन टीमों में नगर निगम, विजिलेंस टीम और ऊर्जा निगम के अधिकारी शामिल होंगे। मानकों के अनुसार सही श्रेणी में कनेक्शन हैं या गलत श्रेणी में तो मदरसा संचालक को 15 दिन का नोटिस देगा। विद्युत सुरक्षा एनओसी और तय समय में सही श्रेणी में कनेक्शन नहीं लिया जाता है तो जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई करेगा। अधीक्षण अभियंता अखिलेश सिंह ने बताया कि अधिकांश मदरसों में कनेक्शन घरेलू (एलएमवी-1) और व्यावसायिक (एलएमवी-2) श्रेणी में संचालित हैं। नियमानुसार एलएमवी-4 (शैक्षणिक संस्थान) श्रेणी में होने चाहिए। इस मामले में टीम बनाकर जिले के सभी मदरसों के कनेक्शन की जांच कराई जाएगी।