साहिबाबाद। उत्तर पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा निवासी सुरेंद्र ने एक महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ टीलामोड़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि पांचों ने शराब पिलाकर नशे में उनसे अप्रैल 2025 में ढाई लाख रुपये का चेक देकर उनकी कृषि भूमि अपने नाम करा ली। साथ बंधक बनाकर रखने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने एंटी फ्रॉड सेल की जांच के बाद पांच जून की रात प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
दर्ज मामले में सुरेंद्र ने बताया कि वह मूलरूप से लोनी के असालतपुर के रहने वाले हैं। यहां उनकी 0.1488 हेक्टेयर भूमि है। आरोप है कि साहिबाबाद की दिलशाद एक्सटेंशन दो निवासी कविता, अक्षय, कणिक, आकाश और कपिल ने उनकी जमीन का सौदा 98.50 लाख रुपये में किया था। आरोपियों ने केवल ढाई लाख रुपये का ही चेक से भुगतान किया और बाकी रकम भी देने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि बिना रकम दिए शराब के नशे में उन्हें रजिस्ट्री कार्यालय ले जाकर 15 अप्रैल 2025 को बैनामा करा लिया। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें बंधक बनाकर रखा। 21 मई 2025 को उसके छोटे भाई ने उन्हें छुड़ाकर दिल्ली लेकर गए। 21 जनवरी 2026 को उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और फिर पुलिस ने मामला दर्ज किया। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि एंटी फ्रॉड सेल की जांच रिपोर्ट में धोखाधड़ी के साक्ष्य मिले हैं। आरोपियों पर जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।