इंदिरापुरम। शिप्रा सन सिटी निवासी यशांश शर्मा के घर में 29 अगस्त को चोरी की वारदात करने वाले इलेक्ट्रीशियन मोहम्मद उमर को पुलिस दो सितंबर की रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूलरूप से हापुड़ के नारायणपुर वासका गांव का रहने वाला है। काफी दिनों से घर में बिजली का काम कर रेकी कर रहा था। पुलिस ने निशानदेही पर घर से चुराए गहने बरामद कर लिए हैं लेकिन चोरी हुई नकदी पूरी नहीं मिल पाई है।
शशांक शर्मा ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया था कि उनके बंद फ्लैट से 1.20 लाख रुपये, उनकी मां का हार, बाली और अंगूठी चोरी हो गई थी। वारदात के समय वह परिवार के साथ बाहर थे। 31 अगस्त को लौटने पर बाथरूम की खिड़की खुली मिली थी। उनके घरेलू सहायकों ने घर में काम कर रहे इलेक्ट्रीशियन मोहम्मद उमर पर शक जताया था। पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वह कई दिनों से पीड़ित के फ्लैट में काम कर रहा था। इस दौरान उसने बाथरूम में लगी हुई खिड़की व उसके पीछे बालकनी की तरफ से कमरे के अंदर जाने का रास्ता देख लिया था। घर खाली होने के बाद उसने चोरी को अंजाम दिया। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया चोरी सभी जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। लेकिन नकदी की बरामदगी कम है। आरोपी से पूछताछ कर बकाया बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।