साहिबाबाद से आनंद विहार के बीच शुरू हुई डीटीसी बस सेवा
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि एनसीआरटीसी के अनुरोध पर दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की ओर से आनंद विहार बस अड्डे से साहिबाबाद स्टेशन तक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया है। आनंद विहार आईएसबीटी से रोजाना पहली बस सुबह 6.20 बजे और आखिरी बस रात 9.35 बजे साहिबाबाद के लिए रवाना होगी। साहिबाबाद से आनंद विहार के लिए सुबह 07.05 बजे से बस सेवा की शुरूआत होगी और रात 10:20 बजे तक उपलब्ध रहेगी। 20 मिनट के अंतराल पर साहिबाबाद और आनंद विहार आईएसबीटी से बसें यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी।
एनसीआरटीसी द्वारा की गई इस पहल का उद्देश्य, यात्रियों के गंतव्य और सार्वजनिक परिवहन के बीच की दूरी को पाटकर, परिवहन विकल्पों की अपर्याप्त संख्या या अनुपलब्धता के कारण यात्रियों को होने वाली समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है। साथ ही, इस पहल से न केवल आरआरटीएस स्टेशनों को कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र में निर्बाध आवागमन भी सुनिश्चित होगा।
एनसीआरटीसी सक्रिय रूप से इन लास्ट-माइल कनेक्टिविटी सेवाओं को व्यापक परिवहन प्रणाली में एकीकृत कर रहा है। सभी आरआरटीएस स्टेशनों पर डेडिकेटेड पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ स्थान बनाए गए हैं जो एनसीआरटीसी के निर्बाध एकीकरण और यात्री सुविधा के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं।
जैसे-जैसे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर पर जनता के लिए नए खंड परिचालित होते रहेंगे, फीडर सेवाओं की श्रृंखला का विस्तार जारी रहेगा, जिससे यात्रियों के लिए पहुंच और सुविधा बढ़ेगी। शुक्रवार, 20 अक्टूबर को माननीय प्रधानमंत्री ने प्राथमिक खंड का उद्घाटन किया था तथा साहिबाबाद आरआरटीएस स्टेशन से भारत की प्रथम नमो भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई थी।